नई मंडी में बदमाशों ने दुकानदार को गोली मारी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र के पटेलनगर में दुकान से घर लौट रहे एक दुकानदार पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग की कर दी, जिससे एक गोली पैर में लगने से दुकानदार घायल हो गया। माना जा रहा है कि बदमाश लूट के इरादे से आए थे। पुलिस जांच पड़ताल में लगी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पटेलनगर निवासी मनोज गुप्ता पुत्र राजेंद्र गुप्ता की रामलीला टिल्ला पर क्रॉकरी की थोक की दुकान है। शुक्रवार रात मनोज गुप्ता स्कूटी लेकर दुकान से घर लौट रहे थे। जब वो अपने घर के पास पटेलनगर में पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। दुकानदार के न रुकने पर बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली मनोज गुप्ता के पैर में लगी। जिससे वह घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुन कर लोग घरों से निकल कर घटनास्थल की ओर दौड़े, जिस पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल दुकानदार को जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने भागदौड़ की, लेकिन हमलावरों का पता नहीं चला। माना जा रहा है कि बदमाश लूटपाट की नियत से आए थे। सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव ने भी मौके और अस्पताल में जाकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दुकानदार के पैर में गोली लगी है, जो खतरे से बाहर है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश में लगी है। अभी तक घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई है।