कटर मशीन में आने से युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। प्लास्टिक फैक्टरी में काम करते हुए मजदूर की कटर मशीन में आने से मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने फैक्टरी मालिकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सरवट निवासी अली मोहम्मद क्षेत्र में ही बझेड़ी फाटक स्थित प्लास्टिक फैक्टरी में काम करता था। फैक्टरी गांव बुड़ीनाकलां निवासी फहीम व सरवट निवासी वसीम की है, जिसमें प्लास्टिक को काटकर उसे गलाकर दाना बनाने का काम किया जाता है। सोमवार देर रात अली मोहम्मद फैक्टरी में काम कर रहा था। इसी दौरान वह फैक्टरी में लगी प्लास्टिक को काटने वाली कटर मशीन की चपेट में आ गया। फैक्टरी में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने जैसे-तैसे कर युवक को मशीन से बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने फैक्टरी मालिकों की लापरवाही से युवक की मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस पर पुलिस ने उन्हें समझाबुझाकर शांत करते हुए शव को मोर्चरी भेज दिया। मामले में युवक के परिजनों ने दोनों फैक्टरी मालिकों फहीम व वसीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।