युवक पर छुरी से हमला
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला मक्कीनगर में पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल से जमानत पर छूटकर आए युवक पर शनिवार को छुरी से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मक्कीनगर निवासी बल्लू ने तहरीर देकर बताया कि उसे पुलिस ने कुछ समय पूर्व पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल भेज दिया था। कुछ दिन पूर्व ही वह जमानत पर जेल से छूटकर आया है। आरोप है कि शनिवार को नसीम घर से कहीं जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही एक युवक ने उसे बीच राह में रोककर गालीगलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने नसीम पर छुरी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया, जबकि नसीम को उसके परिजन जिला अस्पताल ले गए। सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल से मामले की जानकारी लेने के साथ ही हमलावर की तलाश की, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।