एंबुलेंस में पहुंचे युवकों को हिरासत में लिया
शाहपुर। महाराष्ट्र से किराए पर एंबुलेंस लेकर घर लौट रहे गांव बसी निवासी चार युवकों को पुलिस ने चेकिंग के दौरान हिरासत में ले लिया। इसे लेकर ग्राम प्रधान की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। स्वास्थ्य संबंधी पूरी जांच के बाद पुलिस ने युवकों को फिलहाल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बसी निवासी कुछ युवक काफी समय से महाराष्ट्र के नागपुर जनपद में रहकर फेरी अथवा मजदूरी करते हैं। देशभर में लॉकडाउन होने के बाद गांव बसी निवासी चार युवकों ने घर लौटने के प्रयास किए, लेकिन कोई सवारी नहीं मिली। इस पर चारों युवकों ने महाराष्ट्र से ही एक एंबुलेंस किराए पर कर ली, जिससे वे बृहस्पतिवार दोपहर शाहपुर पहुंच गए। सूचना पर गांव बसी के प्रधान के पति थाने जा पहुंचे और युवकों को हिरासत में लिए जाने का विरोध जताया। इसे लेकर प्रधान के पति की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस चारों युवकों व एंबुलेंस चालक को सीएचसी ले गई और उनका पूरा स्वास्थ्य परीक्षण कराया। एसओ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि स्वास्थ्य जांच में सब कुछ ठीक होने के बाद चारों युवकों के नाम-पते नोट कर उन्हें परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। वहीं, एंबुलेंस के कागजात और उसके चालक की जांच की जा रही है।