जिला चिकित्सालय में मरीज का सोशल डिस्टेन्स के लिए बोलते डाक्टर्स।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बाहर से लौटे हैं तो सीधे परिवार से न मिलें
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही एहतियात अभी नाकाफी है। सुबह को घर से लोग सामान लेने निकलते हैं। अस्पताल के चिकित्सक व अन्य स्टाफ के अलावा सरकारी कार्यों में लगे अधिकारी और कर्मचारी भी अपना जीवन खतरे में डालकर ड्यूटी कर रहे हैं। चिकित्सक बताते हैं कि ऐसे लोगों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। कोई भी व्यक्ति बाहर से घर पहुंचता है तो सीधे परिवार से बिल्कुल भी न मिले।
घर से बाहर निकलने के बाद व्यक्ति न जाने कितने लोगों के संपर्क में आता है। इसलिए घर लौटे हैं तो बेहद सावधानी बरतें। कोरोना वायरस को लेकर स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में की गई व्यवस्थाओं के नोडल अधिकारी डॉ. योगेंद्र त्रिखा बताते हैं कि घर में प्रवेश करते ही अपने कपड़े उतार दें। उन्हें बाल्टी में भरे गर्म पानी जिसमें सर्फ या डिटॉल, सेवलॉन या अन्य कोई एंटी सेप्टिक पड़ा हो, उसमें डाल दें। इसके बाद सीधे बाथरूम में जाकर गर्म पानी से स्नान करें। साबुन से अपने शरीर को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद ही परिवार के अन्य लोगों से मिलें। चिकित्सक बताते हैं कि लोग अभी भी घरों से बाहर निकल रहे हैं, यह बिल्कुल भी ठीक नहीं है। यह अच्छी बात है कि जिले में कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला है लेकिन खतरा बरकरार है। इसलिए सावधानी से बिल्कुल भी न डिगें, सोशल डिस्टेंस बेहद जरूरी है।