मुजफ्फरनगर। पुरुषों सहित महिलाओं को भी कैंसर का रोग जकड़ रहा है। गुटखा, तंबाकू और शराब सेवन से मुंह का कैंसर जबकि संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का बड़ा कारण बन रहा है। एक वर्ष के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 14 हजार से अधिक लोगों की जांच कराई गई। इनमें 27 लोगों में कैंसर की पुष्टि हुई।
लोगों में बढ़ते कैंसर के मामलों के मद्देनजर ग्राम स्तर से ही जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है। जनपद में संचालित 300 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग कराई जाती है। एसीएमओ डॉ.अशोक कुमार ने बताया कि एक वर्ष के दौरान विकास खंड स्तर पर रोगियों की अलग-अलग जांच कराई गई।
उन्होंने बताया कि लक्षणों के आधार पर 302 लोगों की मुंह के कैंसर, 212 की सर्वाइकल और 302 की ब्रेस्ट कैंसर की जांच कराई गई। बताया कि जांच में 14 लोगों में मुंह के कैंसर एवं छह महिलाओं में सर्वाइकल और सात महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की पुष्टि हुई। जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रैफर किया गया।