वहलना में ग्रामीणों का हंगामा
मुजफ्फरनगर। गांव वहलना में बस स्टेंड के पास स्थित मंदिर में स्थित संत रविदास की प्रतिमा असामाजिक तत्वों ने खंडित कर दिया। सोमवार सुबह प्रतिमा खंडित देख ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नई प्रतिमा लगवाने और असामाजिक तत्वों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामला शांत किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव वहलना में बस स्टेंड के पास संत रविदास मंदिर स्थित है। वर्तमान में मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते वहां स्थापित संत रविदास की प्रतिमा के कक्ष को ताला लगाकर बंद रखा जाता है। रविवार रात किसी वजह से प्रतिमा का कक्ष खुला रहा गया। असामाजिक तत्वों ने देर रात प्रतिमा का दाहिना हाथ खंडित कर दिया। सोमवार सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रतिमा खंडित देख हंगामा कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता करते हुए जल्द ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई और मंदिर में नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। मामले में वहलना निवासी राजेंद्र की ओर से अज्ञात के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।