तहसील दिवस में हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में राशन वितरण की शिकायत लेकर तहसील दिवस में पहुंचे गांव भैंसी के ग्रामीणों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान तहसीलदार व पूर्ति निरीक्षक के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने पूर्ति निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की।
भैंसी के ग्रामीणों ने तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव की राशन की दुकान नावला गांव में अटैच कर तीन माह का राशन बंटवाया गया है, जो नियम विरुद्ध है। राशन की दुकान सस्पेंड होने के बाद बहाल करने पर उन्होंने हंगामा कर दिया। तहसीलदार तथा पूर्ति निरीक्षक से नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में राशन की तीन दुकानों का आवंटन किए जाने के शासन के निर्देश हैं। इसके बाद भी दुकानों का आवंटन नहीं कराया जा रहा है। पूर्ति निरीक्षक दिपांकर शर्मा ने बताया कि आवंटन का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। गांव में राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जांच कराए जाने की मांग की।
जांच कराने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। हंगामा करने वालों में जयप्रकाश शास्त्री, नकुल अहलावत, अजयपाल, टीटू, रामकुमार, प्रमोद अहलावत, वीरेंद्र सिंह, मुकेश प्रधान के अलावा वाल्मीकि समाज के लोग भी शामिल थे।