मुजफ्फरनगर, चरथावल। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने गांव रोनी हरजीपुर और दूधली में शहीदों के नाम पर तालाबों के नाम रखते हुए इनके जीर्णोद्धार के कार्यो का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में 75 अमृत सरोवर के नाम शहीदों के नाम पर होंगे।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 75 अमृत सरोवर बनाने की परिकल्पना को आगे बढ़ाया जा रहा है। केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने अमृत सरोवर अभियान के अंतर्गत तालाबों के सफाई एवं सुंदरीकरण के कार्यों का शुभारंभ किया। चरथावल ब्लॉक के ग्राम रोनी हरजीपुर में शहीद सुधीर पुंडीर व शहीद संदीप पुंडीर की स्मृति में एवं दूधली में शहीद मंगल पांडेय की स्मृति में अमृत सरोवर का शुभारंभ किया।
बालियान ने कहा कि हमारे गांव के तालाब हमें जीवन देते है। इसी लिए इनका नाम अमृत सरोवर रखा गया है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम इन तालाबों की रक्षा करें। भूगर्भ जल को बचाए रखने के लिए ये तालाब सबसे बड़ा माध्यम है। ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य सपना विजय कश्यप, जिला पंचायत सदस्य अमित रावल एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।