मुजफ्फरनगर। वहलना चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान अवैध वसूली का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक दरोगा खड़ा दिखाई दे रहा है। पास में ही कुछ दूरी पर एक होमगार्ड एक युवक से अवैध वसूली कर रहा है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने दरोगा महेश को निलंबित कर दिया है जबकि होमगार्ड के बारे में होमगार्ड कमांडेंट को पत्र भेज कर विभागीय कार्रवाई के लिए कहा गया है।
मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुई है। वीडियो सोमवार की बताई जा रही है। वीडियो चर्चाओं में है। वीडियो वहलना से शहर में आने वाले रास्ते पर बनाई गई। वहां पर यातायात पुलिस में तैनात एक दरोगा महेश व होमगार्ड इकरार वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वह बाइक चालकों को रोकते है।
डयूटी पर तैनात होमगार्ड एक वाहन चालक से अवैध वसूली करता है। पास में ही दरोगा खड़ा है। उसकी वर्दी पर बॉडी कैमरा भी लगा है। होमगार्ड की अवैध वसूली की किसी राहगीर ने वीडियो बना ली। वायरल होने पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने वीडियो का संज्ञान लिया है। जांच एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे को सौंपी है।