मुजफ्फरनगर। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वार्डो का प्रस्तावित परिसीमन जारी कर दिया गया है। जिला पंचायत राज विभाग कार्यालय पर सोमवार देर रात वार्डों के परिसीमन की सूची चस्पा की गई। प्रस्तावित परिसीमन में जिला पंचायत के 43 वार्डो को 40 में ही विभाजित किया गया है। यानि तीन वार्ड कम हो गए हैं। वार्डों के प्रस्तावित परिसीमन पर दो अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। नगर पालिका मुजफ्फरनगर और खतौली के सीमा विस्तार से ग्राम पंचायत खतौली ग्रामीण और क्षेत्र पंचायत सदर एवं चरथावल तथा खतौली और जिला पंचायत में सम्मिलित विकास खंड सदर, चरथावल और खतौली के वार्ड प्रभावित हुए थे। शासन के निर्देश पर इन क्षेत्रों का आंशिक परिसीमन किया जा रहा है। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर 18 से 22 जुलाई तक ग्राम पंचायतवार जनसंख्या का अवधारण सुनिश्चित किया गया था। जिसके बाद जिला पंचायत राज विभाग कार्यालय पर सोमवार देर रात वार्डों के परिसीमन की सूची चस्पा की गई।
नए परिसीमन के तहत जिला पंचायत के निर्धारण में भौगोलिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। 43 वार्डों वाली जिला पंचायत से करीब दो लाख की आबादी का शहरीकरण होने के कारण नए परिसीमन में जिला पंचायत सदन में तीन सीट कम कर दी गई हैं। नई सूची में जिला पंचायत को 40 वार्डों में विभाजित किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी रेनु श्रीवास्तव ने बताया कि प्रस्तावित परिसीमन पर दो अगस्त तक जिला स्तर पर नागरिक अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इन आपत्तियों का निस्तारण डीएम उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में गठित कमेटी की ओर से तीन से पांच अगस्त तक किया जाएगा। इसके बाद छह से 10 अगस्त के मध्य वार्डों के गठन की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
सबसे बड़े वार्ड में 21 गांव, सबसे छोटे वार्ड में सात
प्रस्तावित परिसीमन में जिला पंचायत का सबसे छोटा वार्ड सात गांव का बना है, जबकि सबसे बड़े वार्ड में 21 गांव शामिल किये गये हैं। जनसंख्या के आधार पर सर्वाधिक आबादी वाला वार्ड संख्या छह सदर ब्लॉक में शामिल है। इस वार्ड में 54 हजार 222 लोग निवास कर रहे हैं। सबसे छोटा वार्ड चार है, जो सदर ब्लॉक में ही शामिल है। यहां पर 44578 लोगों की आबादी है।
जिले में गांवों के आधार पर सबसे बड़े वार्डों में वार्ड संख्या 30 में 21 गांव, वार्ड 31 और एक में 19 गांव, वार्ड 21 में 17, वार्ड संख्या 8, 11, 26, 28 और 29 में 16-16 गांव शामिल हैं। सबसे छोटे वार्डों में वार्ड संख्या पांच, 14, 19, 22 और 37 में सात-सात गांव शामिल किये गए हैं। वार्ड 13 में आठ और वार्ड छह एवं सात और 24 में नौ गांव शामिल हैं।