कॉलोनी के मुख्य द्वार के नामकरण को लेकर हंगामा
मुजफ्फरनगर, भोपा। गांव सीकरी में एक कॉलोनी के मुख्य द्वार का नाम बदलने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने पूर्व प्रधान की शिकायत पर मुख्य द्वार का निर्माण कार्य रुकवाया तो ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों ने अफसरों से कॉलोनी का नाम बदलने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में पूर्व प्रधान ने एक कॉलोनी का नाम रहमत नगर रखते हुए इसके मुख्य द्वार का निर्माण कराया था। तभी से ग्रामीण पूर्व प्रधान पर अपनी मां रहमत के नाम पर कॉलोनी का नामकरण करने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध करते आ रहे थे। ग्रामीणों के विरोध को भांपकर मौजूद प्रधान राजेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत निधि से कॉलोनी का नया द्वार बनवाने और इसका नाम मौलाना अब्दुल लतीफ साबरी बुलबुल के नाम पर करने की मांग की थी।
नगर पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद ग्राम प्रधान ने शनिवार से नए नाम से मुख्य द्वार का निर्माण शुरू करा दिया। पूर्व प्रधान पति इरफान अली उर्फ अप्पी ने अफसरों से निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की, जिस पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य द्वार का निर्माण रुकवा दिया। इस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माण रुकवाने का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस टीम के समक्ष पूर्व प्रधान पर अपनी मां रहमत के नाम पर कॉलोनी का नामकरण करने का आरोप लगाते हुए इसका नाम मौलाना अब्दुल लतीफ साबरी बुलबुल के नाम से ही कराए जाने की मांग की।
इसे लेकर पुलिसकर्मियों से ग्रामीणों की काफी नोकझोंक भी हुई। इस पर पुलिस ने पूरा मामला आला अफसरों के समक्ष रखते हुए उनके निर्देश पर ही आगे कोई भी निर्माण कराए जाने की बात कही, जिस पर ग्रामीणों ने भी मामले की शिकायत अधिकारियों से करने की बात कही है। उधर, पूर्व प्रधान पति इरफान अली उर्फ अप्पी का कहना है कि उन्होंने कॉलोनी के मुख्य द्वार का निर्माण अपने निजी खर्च पर कराया था। ऐसे में उसका नाम बदलने की शिकायत आला अफसरों की गई है। हंगामा करने वालों में पूर्व प्रधान शुजाउर्रहमान, मोहम्मद इरशाद, नोमान, गुफरान, मुशर्रफ, सलमान, कफील, जीशान, जान मोहम्मद, खलील, फरमान, साकिब, शाहआलम, सुलेमान, शमशाद, शिवकुमार, रवि कुमार, फरीद मोहम्मद और अब्दुल रहमान शामिल रहे।