राज्य मंत्री कपिलदेव के घर पहुंचीं आनंदी बेन पटेल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल चित्तौड़ा के बाद शहर में कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के आवास पर पहुंची। यहां पर राज्यमंत्री ने उन्हें हनुमान का चित्र भेंट किया। कपिलदेव अग्रवाल के परिवार से भी मिलीं। अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
शहर को भव्य तरीके से सजाया गया
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए शहर को भव्य तरीके से सजाया गया था। मुख्य मार्गों पर पूरे दिन सफाई का विशेष अभियान चलाया गया। रात में राज्यपाल मेरठ रोड के लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में ठहरेंगी। वह गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। जिला चिकित्सालय में वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्था को देखेंगी और जिला कारागार का निरीक्षण भी करेंगी।
डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह और एसएसपी अभिषेक यादव ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। महिला बैरक में बंद बंदियों के बच्चों के लिए बनाए स्कूल की जानकारी ली। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल इस स्कूल का उद्घाटन करेंगी।
दोनों अधिकारी बुधवार दोपहर जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने महिला बैरक का निरीक्षण किया। वहां मौजूद महिला बंदियों से बातचीत की। उनसे परेशानी पूछी और खानपान की सुविधा की जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने महिला बैरक में जिला कारागार प्रशासन द्वारा बनाए बच्चों के स्कूल को देखा। इसके बाद जिला कारागार में मुलाकाती रजिस्टर को देखा।
दोनों अधिकारियों ने सभी बैरकों का हाल देखा। वहां रह रहे बंदियों से मुलाकात की। बैरकों में सुविधाओं को देखा। भोजनालय व परिसर में साफ सफाई की हालात देखी। बंदियों को दी जा रही सुविधाओं व प्रतिदिन दिए जाने वाले खाने की जानकारी ली।