भाजपा को एक के बाद एक सियासी झटकों से समीकरण बदल रहे हैं। किसान मसीहा भाकियू के दिवंगत अध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के नाम से बनाए गए फेसबुक पेज से भाजपा का नाम लिए बगैर पोस्ट की गई है। जिसमें लिखा है ‘पूर्वांचल से खेला चल पड़ा है...’। इस पोस्ट से पश्चिम में भी खलबली का अंदेशा जताया गया है।
सूबे में पल-पल बदल रहे सियासी हालात पर लोगों की निगाह टिकी है। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को कड़े इम्तिहान से गुजरना पड़ेगा। दिल्ली के बॉर्डर पर 13 महीने तक चले किसान आंदोलन का असर 10 फरवरी को होने वाले मतदान पर दिख सकता है। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने सार्वजनिक तौर पर चुनाव से दूर रहने की बात कही है। भाकियू समर्थकों ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके नाम पर फेसबुक पेज बनाया है, जिस पर भाजपा का नाम लिखे बगैर निशाना साधा गया है। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा में शामिल होने के बाद पोस्ट में लिखा गया है कि ‘पूर्वांचल से खेला चल पड़ा है और पश्चिम में मची खलबली’। इससे पहले भगदड़ लिखकर भी पोस्ट की गई थी। इससे माना जा रहा है कि पश्चिमी यूपी से भी भाजपा को झटका लग सकता है। मीरापुर से विधायक अवतार भड़ाना रालोद में शामिल हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: कौन है जावेद हबीब: लंदन तक पहुंचे... पर अपने ही इलाके में फंस गए, थामा था भाजपा का दामन, खूब प्रसिद्ध है परिवार
पांच हजार फ्रेंड और 22 हजार फॉलोअर
किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धांजलि देने के लिए बनाए गए इस पेज पर लगभग पांच हजार लोग जुड़े हैं। इसके करीब 22 हजार फॉलोअर है। पोस्ट पर विभिन्न तरह के कमेंट आ रहे हैं। भाकियू मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक का कहना है कि किसी समर्थक की ओर से यह पेज चलाया जा रहा है। टिकैत परिवार पेज का संचालन नहीं कर रहा है। पेज पर दोस्तों की सूची में टिकैत परिवार के सदस्य और विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज भी जुड़े हैं। इस पेज का संचालन टिकैत परिवार नहीं करता। छह दिन पहले पेज से पोस्ट में पंजाब प्रकरण की तरफ इशारा करते हुए कहा गया था कि ‘सुरक्षा में चूक तो पुलवामा में हुई थी 40 घरों के चिराग बुझ गए थे अभी तो नौटंकी चल रही है सिर्फ’।
यह भी पढ़ें: जावेद हबीब की माफी को बताया ड्रामा: ब्यूटीशियन पूजा बोली- सजा दिलाकर ही लूंगी दम, पश्चिमी यूपी में बढ़ रहा आक्रोश