मुजफ्फरनगर के शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम केला व्यापारी व उसके साथी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल से गोली मारने की धमकी देकर दिनदहाड़े छह लाख लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बाइक पर भाग रहे बदमाशों का पीड़ित ने पीछा किया तो धमकी दी गई। एसएसपी अभिषेक यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
शहर कोतवाली के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी केला व्यापारी शाहनवाज ने छह लाख रुपये अपने स्कूटी की डिग्गी में रखे थे। वह अपने साथी खालापार निवासी सावेज के साथ स्कूटी पर खतौली में किसी व्यापारी को नकदी देने जा रहे थे। खालापार से रहमतनगर मार्ग से उन्हें नुमाइश कैंप पहुंचना था। लेकिन रहमतनगर में पानी की टंकी से कुछ दूर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें रोक लिया। गोली मारने की धमकी देकर स्कूटी की डिग्गी खुलवा कर नकदी लूट ली और बाइक पर भागने लगे। इस पर दोनों पीडितों ने शोर मचाते हुए उनका पीछा तो बदमाशों ने उन्हें पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। दोनों पीड़ित रुक गए।
उन्होंने अपने परिजनों व डायल 112 पर सूचना दी। दिनदहाड़े लूट की सूचना पाकर एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गीय, सीओ सिटी कुलदीप सिंह, शहर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी अधिकारियों ने पीडित से जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: यूपी: विधानसभा चुनाव लड़ी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पति पर मारपीट और 10 लाख रुपये छीनने का लगाया आरोप, जानें पूरा मामला