संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की सरगर्मी बढ़ गई हैं। जिला कमेटी की ओर से प्रस्तावित 72 केंद्रों की सूची पर समिति अध्यक्ष डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने मुहर लगा दी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 75 प्रस्तावित केंद्रों की सूची 23 नंवबर को माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी की गई थी। साथ ही विद्यालयों से आपत्ति भी मांगी गई थी। जिले के अलग-अलग विद्यालयों से 80 आपत्तियां डीआईओएस कार्यालय में प्राप्त हुई थीं। इसके बाद जिला कमेटी की ओर से आपत्तियों के आधार पर 31 विद्यालयों को सूची से हटाकर और 28 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र में शामिल करते हुए कुल 72 केंद्रों की प्रस्तावित सूची तैयार की थी। इसके बाद प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को समिति अध्यक्ष डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। डीएम ने दो बार बैठक करते हुए सूची पर मंथन किया और सभी औपचारिकताओं को पूरा कराया। शनिवार को प्रस्तावित 72 केद्रों की सूची पर मुहर लगा दी गई। जिले के 60 अशासकीय, आठ वित्तविहीन और चार राजकीय विद्यालयों को यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र प्रस्तावित किए गए। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि जिला कमेटी की ओर से प्रस्तावित किए गए केंद्रों की सूची पर डीएम ने अपनी मुहर लगा दी है। अब बोर्ड की ओर से केंद्रों की सूची जारी की जाएगी।
-
इनसेट
58 हजार विद्यार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा
यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार 58 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं बैठेंगे। बोर्ड परीक्षा के लिए 58 हजार 700 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 27 हजार 301 इंटरमीडिएट और 31 हजार 399 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल के हैं। बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। जिले में 22 फरवरी से नौ मार्च तक दो पालियों में परीक्षाएं होंगी।