भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव मुंडभर में वर्ष 2013 के दंगे में मकान और मस्जिद में आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में न्यायालय ने पांच आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। अदालत ने आरोपों को साबित नहीं कर पाने के आधार पर आरोपियों को संदेह का लाभ दिया। विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) के पीठासीन अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने फैसला सुनाया।
अभियोजन के अनुसार आठ सितंबर 2013 की शाम करीब छह बजे आरोपियों समेत करीब 50 लोग हथियारों और ज्वलनशील पदार्थों के साथ शिकायतकर्ता के घर में घुस आए थे। आरोप था कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली और मकान में आग लगा दी।
इसके अलावा पास स्थित मस्जिद में भी तोड़फोड़ और आगजनी कर चंदे के करीब एक लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया गया था। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप था।
इस मामले में 18 सितंबर 2013 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में पुलिस ने आरोपी अनुज, विक्कू उर्फ अरविंद, नीटू, अंकित और रामकुमार के खिलाफ बलवा, घातक हथियारों से लैस होकर हमला करने, लूट, आगजनी, तोड़फोड़ और धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया। दो मामलों का एक साथ ट्रायल हुआ।
अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने वादी शाहबुद्दीन, साजिद अली और आबिद अली को गवाह के रूप में पेश किया। हालांकि, तीनों गवाहों ने अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं किया और पक्षद्रोही हो गए। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) में बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। अदालत ने दोनों मामलों में पांचों आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया।
ये भी देखें...
मुजफ्फरनगर: भगत सिंह रोड पर वाहनों की नो एंट्री, फायर स्टेशन से लौटेंगी ई-रिक्शा; ये रहेगा रूट डायवर्जन