साजिश के तहत युवक ने खुद को मारी थी गोली
सिखेड़ा। गांव भटौड़ा में तीन दिन पूर्व पूर्व प्रधान के बेटे को खेत में गोली मारने की घटना का खुलासा कर पुलिस ने उसी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव भटौड़ा निवासी पूर्व प्रधान जयकार सिंह का बेटा आशु शनिवार दोपहर बाइक से खेत में पानी चलाने जा रहा था। आरोप है कि जंगल में पहले से खड़े बाइक सवार दो युवकों ने उस पर गोली चला दी, जो उसके पैर में लगी। गोली पैर में लगते ही आशु लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। एसओ रामवीर सिंह ने बताया कि पूछताछ में घायल युवक ने गांव के ही एक व्यक्ति को पहचान लेने का दावा करते हुए नामजद तहरीर दी थी। मामले की जांच की गई तो पता चला कि पूर्व प्रधान पक्ष की कथित नामजद पक्ष से पुरानी रंजिश चल रही है। जांच में पता चला कि विरोधी पक्ष को कातिलाना हमले के मामले में फंसाने के लिए पूर्व प्रधान पुत्र ने ही खुद को गोली मारी थी। मामले का खुलासा कर पुलिस ने आरोपी आशु को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।
डूबने से हुई थी युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जामियानगर निवासी शाहरुख शनिवार शाम संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। रविवार सुबह उसकी लाश जामियानगर तालाब से बरामद हुई थी, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया था। एसएसआई मनोज कुमार ने बताया कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत पानी में डूबने से होना आया है। शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।