दिन निकलते ही महिला से लूटे कुंडल
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला प्रेमपुरी में सोमवार को दिन निकलते ही मंदिर से लौट रही महिला से बाइक सवार दो युवकों ने सोने के कुंडल लूट लिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी सुमन जैन सोमवार सुबह मोहल्ले में ही स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थी। मंदिर से लौटते समय जैसे ही वे घर के पास पहुंची, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें आवाज लगाकर रोक लिया। आरोप है कि पता पूछने के बहाने दोनों युवकों ने महिला के कानों पर झपट्टा मारकर उनके सोने के कुंडल लूट लिए और फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बाइकर्स भाग निकलने में सफल रहे। कुंडल लूट की यह घटना आसपास क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई, जिसकी सूचना पर पहुंचे एसएसआई मनोज कुमार ने उनकी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसएसआई ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। लुटेरों को चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।