सड़क हादसे में घायल हुए दोनों युवकों की मौत
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। रविवार को पुरकाजी बाईपास हाईवे पर हुई दुर्घटना में घायल हुए दोनों युवकों की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरियाणा प्रांत के जनपद पलवल निवासी तीन दोस्त रविवार को अपनी आई-10 कार से हरिद्वार जा रहे थे। करीब चार बजे दोपहर उनकी कार असंतुलित होकर हवा में उछलकर सड़क पर पलट गई थी। हादसे में सुभाष (35) और हमबीर (37) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया था, जहां से गंभीर हालत के चलते दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने बताया कि उपचार के दौरान देर रात सुभाष की जिला अस्पताल में और दूसरे युवक हमबीर की फरीदाबाद हरियाणा के अस्पताल में मौत हो गई।