संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बीयर की ओवर रेटिंग की वीडियो सोशल मीडिया से हटाने के लिए शराब ठेके के दो सेल्समैन ने पीड़ित के साथ अभद्रता की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
पचैंडा निवासी आशीष व मेघाखेड़ी निवासी कपिल मेघाखेड़ी गांव में शराब के कंपोजिट ठेके पर सेल्समैन हैं। मेरठ के थाना बहसूमा के गांव राहवती निवासी जयविंद्र व फलावदा निवासी कल्याण सिंह ने पांच जून को बीयर खरीदी थी। दोनों सेल्समैन ने दस रुपये ज्यादा लिए थे। बीयर के दो सौ रुपये आनलाइन भुगतान किया था। दोनों युवकों ने सेल्समैन की वीडियो भी बना ली थी। वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर वायरल कर दिया था।
पता चलने पर आबकारी विभाग अधिकारियों ने पीड़ित से क्षेत्रीय थाने में शिकायत करने के लिए कहा था। आरोप है कि सेल्समैन ने किसी तरह पीड़ित का मोबाइल नंबर लेकर कॉल कर पीड़ित को सोशल मीडिया से वीडियो व शिकायत हटाने के लिए कहा। मंगलवार को पीड़ित अपने साथी के बाइक पर सवार होकर पुलिस में शिकायत करने के लिए आ रहा था तो शराब ठेके के दोनों सेल्समैन ने कोर्ट रोड पर उन्हें रोक कर अभद्रता की।
विवाद होेने पर पुलिस ने दोनों सेल्समैन हिरासत में ले लिए। पुलिस को पीड़ितों ने बताया कि वह एंटी क्रप्शन ब्यूरो आफ इंडिया सामाजिक संगठन के पदाधिकारी हैं। एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों का शांति भंग की आशंका में चालान किया है।