मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल से रुड़की होते हुए हरिद्वार के लिए दो रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया गया है। बसों के संचालन से आसपास के लोगों को लाभ मिलेगा।
बस अड्डे से हरिद्वार जाने के लिए यात्रियों को 170 रुपये का किराया देना होता है जबकि जिला अस्पताल से हरिद्वार जाने के लिए यात्रियों से दस रुपये किराया कम लिया जा रहा है। इन बसों के संचालन से जिला अस्पताल के आसपास के मोहल्ले आनंदपुरी, कच्ची सड़क, रामपुरी, लददावाला, केवलपुरी, रुड़की रोड रहने वाले लोगों को किराए में दस रुपये तथा समय बचत का लाभ होगा। बस अड्डे से हरिद्वार जाने के लिए बस भोपा रोड होते हुए रामपुर तिराहा पहुंचती है, जिसमें करीब पांच किलोमीटर का अधिक सफर करना पड़ता है। एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि जिला अस्पताल से यात्रा करने पर यात्रियों को दस रुपये कम किराया देना होगा तथा समय की भी बचत होगी। जिला अस्पताल के आसपास रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा। पहले इन लोगों को हरिद्वार तथा रुड़की जाने के लिए बस अडडे पर ही आना पड़ता था।