मीरापुर के टिकौला मिल से बाइक से घर लौट रहे तौल लिपिक और उसका साथी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जानसठ के सरकारी अस्पताल में भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मीरापुर के गांव कासमपुर खोला निवासी देवेंद्र कुमार (30) पुत्र राजबल टिकौला शुगर मिल में तौल लिपिक केे पद पर तैनात था। सोमवार रात करीब सात बजे देवेंद्र अपने साथी गांव के ही प्रवीण कुमार (32) पुत्र हरपाल के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। रामराज थाने की सीमा के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जानसठ के स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल ले जाने तक दोनों घायलों का काफी खून बह चुका था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें टक्कर मारने वाले वाहन को ट्रोला बताया गया है। घटना की सूचना गांव में मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों की भीड़ अस्पताल पहुंचनी शुरू हो गई। किसी हंगामे की स्थिति से निपटने के लिए हॉस्पिटल पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया। एसपी देहात विनीत भटनागर का कहना है कि बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। मौके पर युवक लहूलुहान हालत में पड़े मिले हैं। किस वाहन ने टक्कर मारी है, यह भी पता नहीं लग पाया है।