मुजफ्फरनगर/बुढ़ाना मोड़। मंगलवार देर शाम शाहपुर थाना क्षेत्र में गांव तावली के पास दो बाइक आपस में टकरा गईं। हादसे में बाइक पर सवार महिला सांझक निवासी रुकसाना (45) व उसके बेटे परवेज (42) तथा दूसरी बाइक पर सवार भौरा कलां के गांव सदरुदीन नगर निवासी देवा (21) की मौत हो गई। दो अन्य युवक घायल हो गए। महिला अपने मायके बागपत के गांव असारा में मौत होने पर गमी में शामिल होकर बेटे के साथ लौट रही थी।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सांंझक निवासी रुकसाना का मायका बागपत के गांव असारा में है। वहां पर महिला के एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी। वह अपने बेटे परवेज के साथ वहां से देर शाम वापस लौट रही थी। उनकी बाइक मुजफ्फरनगर शाहपुर मार्ग पर गांव तावली के पास सामने से आ रही बाइक के साथ टकरा गई। दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। दोनों बाइकों के टकराने पर मां बेटा व तीनों युवक घायल हो गए। हादसे को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
शाहपुर थाने की हरसौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मां बेटे व दूसरी बाइक पर सवार भौरा कलां के गांव सदरूदीन नगर निवासी देवा को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य युवक उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में चले गए। थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हुई है। अभी तहरीर नहीं आई है।