देवबंद। जहां जनपद की अधिकांश चीनी मिलों ने पिछले सीजन के बकाया गन्ना मूल्य का भी पूरा भुगतान अभी तक नहीं किया है, वहीं देवबंद की त्रिवेणी चीनी मिल वर्तमान पेराई सत्र का 22 नवंबर तक खरीदे गए गन्ना मूल्य का भुगतान करने वाली जनपद की एक मात्र चीनी मिल बन गई है।
त्रिवेणी चीनी मिल के यूनिट हेड पुष्कर मिश्र ने बताया कि 10 नवंबर से चीनी मिल का पेराई सत्र आरंभ हुआ था। चीनी मिल में पेराई सत्र चलते हुए 21 दिन बीत चुके हैं। ऐसे में चीनी मिल द्वारा अब तक खरीदे गए गन्ना मूल्य का 19 करोड़ 83 लाख रुपये का भुगतान संबंधित गन्ना समितियों को भिजवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि गन्ना मूल्य का भुगतान होने से किसानों को अपनी जरूरतें पूरी करने में आसानी होगी। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वह त्वरित गन्ना मूल्य के भुगतान के लिए पत्ती, अगोला, जड़ व मिट्टी रहित ताजा साफ सुथरा गन्ना चीनी मिल को आपूर्ति करें। वहीं, गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान होने से किसानों में खुशी की लहर देखने को मिली। भारतीय किसान संघ के प्रदेश संयोजक श्यामवीर त्यागी ने कहा कि यदि चीनी मिल इसी तरह गन्ना मूल्य का भुगतान करती रहे तो किसान को आंदोलन नहीं करना पडे़गा।