मलिकपुरा में सचिन और गौरव को श्रद्धांजलि दी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव मलिकपुरा में सचिन और गौरव की आठवीं पुण्यतिथि मनाई गई। शनिवार की सुबह परिवार के लोगों ने ममेरे भाइयों की आत्मा की शांति के लिए हवन किया गया। इसके बाद श्रद्धांजलि समारोह में प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, विधायक विक्रम सैनी, विधायक उमेश मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल सहित अन्य भाजपाइयों और क्षेत्र के लोगों ने सचिन व गौरव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पुण्यतिथि के कार्यक्रम को लेकर गांव कवाल में पीएसी, आरएएफ के जवान व भारी पुलिस बल तैनात रहा।
आठ साल पहले 27 अगस्त 2013 को गांव कवाल में मामूली कहासुनी के बाद कवाल निवासी शाहनवाज मारा गया था। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने मलिकपुरा के रहने वाले ममेरे भाई सचिन और गौरव की हत्या कर दी थी। कवाल कांड ही मुजफ्फरनगर में दंगा भड़कने का कारण बना था। शनिवार को गांव मलिकपुरा में ममेरे भाइयों सचिन और गौरव की आठवीं पुण्यतिथि मनाई गई। पुण्यतिथि के कार्यक्रम में बिशन उसकी पत्नी मुनेश के अलावा रविंद्र व उसकी पत्नी सुरेश सहित परिवार के सभी लोग व रिश्तेदार मौजूद रहे।
परिवार के लोगों ने सुबह सचिन व गौरव की आत्मा की शांति के लिए हवन किया, लोगों ने आहुति दी। इस दौरान जानसठ के ब्लाक प्रमुख नरेंद्र चौधरी, पूर्व प्रमुख वीरेंद्र सिंह, एलडीबी के चेयरमैन बृजेश रस्तोगी, हरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सैनी, चौधरी उधम सिंह, विवेक बालियान सहित क्षेत्र के जिम्मेदार लोग मौके पर पहुंचे और हवन में आहुति दी। इसके बाद सभी ने सचिन व गौरव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मलिकपुरा में पुण्यतिथि के कार्यक्रम को लेकर गांव कवाल में आरएएफ के जवान, पीएसी व भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान एसडीएम जयेंद्र कुमार, सीओ शकील अहमद व इंस्पेक्टर डीके त्यागी मौजूद रहे।
बहू स्वाति और पौत्र गगन पुण्यतिथि में नहीं आए
जानसठ। मृतक सचिन के पिता बिशन व मां मुनेश ने बताया कि सचिन की पत्नी स्वाति उनके पौत्र गगन को लेकर इस बार भी पुण्यतिथि के कार्यक्रम में नहीं आई। उनका कहना था कि वह अपने पौत्र को देखना चाहते हैं, लेकिन बहू स्वाति उसको लेकर गांव में नहीं पहुंची। बेटे को खोने के बाद उनको उम्मीद जगी थी कि पौत्र गगन को देखकर ही वे अपना जीवन काट लेंगे, लेकिन बहू की जिद के आगे वे बेबस हैं। सचिन व गौरव की पहली पुण्यतिथि में सचिन की पत्नी स्वाति उसका पुत्र गगन मौजूद रहे थे, लेकिन उसके बाद स्वाति किसी भी पुण्यतिथि में गांव मलिकपुरा में नहीं आई। वह मायके पुरबालियान में ही रहती है।
गांव मलिकपुरा में सचिन व गौरव की पुण्यतिथि को लेकर आयोजित हवन यज्ञ- फोटो : KHATAULI
गांव मलिकपुरा में सचिन व गौरव को श्रद्धांजलि देते भाजपाई- फोटो : KHATAULI
गांव मलिकपुरा में सचिन व गौरव को श्रद्धांजलि देते भाजपाई- फोटो : KHATAULI