व्यापारियों ने कहा कि नावल्टी चौराहे से बैरिकेडिंग हटाए पुलिस
मुजफ्फरनगर। नावल्टी चौराहे पर यातायात पुलिस की ओर से की गई बैरिकेडिंग का व्यापारियों ने विरोध किया है। दुकानदारों ने कहा कि उनका कारोबार ठप हो जाएगा। स्कूल के बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बैरिकेडिंग कर रास्ता रोके जाने के कारण लोगों को करीब एक किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अहिल्याबाई चौक पर जाम रहता है।
भारतीय मानव अधिकार संरक्षण संघ के जिला महासचिव रिजवान अहमद सिद्दीकी के साथ क्षेत्र के व्यापारी सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार और सीओ सिटी कुलदीप कुमार से मिले। व्यापारियों ने कहा कि नावल्टी चौक पर बैरिकेडिंग करना गलत है। इससे अंसारी और आबकारी रोड से आने वाले लोगों को अहिल्याबाई चौक से घूमकर आना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। अस्पताल से स्वरूप प्लाजा तक जाम लगने लगा है। स्थानीय व्यापारियों की यातायात पुलिस को कोई चिंता नहीं है। बैरिकेडिंग हटवाकर यातायात सुचारु कराने की मांग की गई। व्यापारी भरत सिंह, सुभाष मित्तल, प्रमोद कुमार, आशु, कल्लू और सतेंद्र मौजूद रहे।
क्या है मामला
सरवट चौराहे पर आबकारी और अंसारी रोड काफी तंग है। ई-रिक्शा की अधिकता के कारण यहां हर समय लंबा जाम रहता था। कुछ व्यापारियों ने जाम की शिकायत प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से की तो यातायात पुलिस हरकत में आई। रुड़की रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर अंसारी और आबकारी रोड का सीधा आवागमन बंद कर दिया गया था। अब व्यापारियों के दूसरे गुट ने बैरिकेडिंग हटवाने की मांग की है।
हर वक्त अहिल्याबाई चौक पर रहने लगा जाम
अहिल्याबाई चौक पर मेरठ-रुड़की रोड का आवागमन रहता है। जिला अस्पताल जाने वाले वाहन यहीं से गुजरते हैं। कच्ची सड़क और घास मंडी की ओर जाने वाले वाहन भी गुजरते हैं। चौराहे पर कट होने की वजह से ई-रिक्शा, कार और दुपहिया वाहन यहां घूम रहे हैं, जिससे जाम बड़ी समस्या बन रहा है। व्यापारियों का कहना है कि अहिल्याबाई चौक पर जाम की स्थिति से परेशानी उठानी पड़ रही है।