व्यापारी की तलाश में आंध्रप्रदेश के पहुंचे व्यापारी
खतौली। आंध्र प्रदेश के कई आढ़तियों को खतौली का एक फल कारोबारी करीब दो करोड़ रुपये के फल बेच कर फरार हो गया। आंध्रप्रदेश के पीड़ित आढ़ती खतौली पहुंचे और अधिकारियों से मिल कर कार्रवाई की मांग की है।
आंध्र प्रदेश के जिला अनंतपुर के निवासी राममोहन रेड्डी के साथ अन्य कई व्यापारी खतौली इंस्पेक्टर से मिले। उन्होंने इंस्पेक्टर को दी तहरीर में बताया कि वे क्षेत्र के किसानों से केले खरीद कर व्यापारियों को बेचने का काम करते हैं। करीब एक साल पूर्व खतौली निवासी युवक केले का व्यापार करने के लिए वहां पहुंचा था। कुछ दिन तक तो व्यापारी ने खरीदे गए केलों की रकम देता रहा, लेकिन जब दस लाख उधार हो गए तब आगे माल देने पर ही रुपयों का भुगतान करने को कहा। बकाया भुगतान लेने के प्रयास में धीरे-धीरे उस पर करीब एक साल में 35 लाख का उधार हो गया। अधिक रुपया उधार होने पर व्यापारी फर्म का नाम बदल कर दूसरे आढ़ती के पास पहुंच गया। उससे भी करीब 25 लाख का उधार कर लिया।
ऐसे ही करीब सात-आठ आढ़तियों से केला लेकर उनकी रकम नहीं दी। खतौली के केला व्यापारी पर दो करोड़ उधार हो गया। व्यापारी से जब फोन पर पैसे देने की बात करते हैं, तो वह जान से मारने की धमकी देता है। अब उसने अपना फोन बंद कर दिया। बताई गई फर्म के आधार पर जब उसकी जांच कराई तो वह फर्म भी फर्जी पाई गई। खतौली के व्यापारी द्वारा दिए गए चेक के आधार पर उसका पता किया। पीड़ित आढ़तियों ने पुलिस से उनके रुपये दिलाने की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।