सिखेड़ा। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव सिखेड़ा में ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो युवकों को कुचल दिया, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की भी हालत गंभीर बनी हुई है।
सिखेड़ा गांव निवासी जुबेर पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव में ही सड़क किनारे फास्ट-फूड का ठेला लगाता है। उसके बरामद में ही गांव निवासी अंकुर की परचून की दुकान है। पास ही में गांव निवासी कालूराम की भी दुकान है। बृहस्पतिवार रात जुबेर और अंकुर दुकानें बंद कर बात कर रहे थे। पास ही कालूराम की दुकान के आगे माल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, जिससे माल उतारा जा रहा था।
इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर आगे खिसक गई। जुबेर, अंकुर उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए भेजा, लेकिन जुबेर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, अंकुर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से निजी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
टेंपो-बाइक की भिड़ंत में तीन घायल
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ निवासी विनोद, अनमोल व ओमपाल शुक्रवार दोपहर बाइक पर किसी काम से मोरना आए थे। मोरना से लौटते समय जैसे ही वे बिहारगढ़ मार्ग पर पहुंचे, सामने से आते टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में ले लिया था।