आज जिले में रहेगा संपूर्ण लॉकडाउन
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में प्रत्येक रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। रविवार के दिन सभी प्रकार के प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। आवाजाही पर पूरी तरह से रोक रहेगी। शुक्रवार को राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने डीएम को पत्र लिखकर सप्ताह में एक दिन 24 घंटे के संपूर्ण लॉकडाउन का प्रस्ताव रखा था, जिस पर डीएम ने संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है।
जिले में कोरोना पॉजिटिव के रोजाना नए केस सामने आ रहे हैं। कोरोना का संक्रमण शहर से गांव तक पहुंच गया है। शहर मेें ही 12 मोहल्ले हॉट स्पॉट बन गए हैं। एक्टिव केस का आंकड़ा 83 पर पहुंच गया है। शुक्रवार को एक साथ 19 मामले सामने आ जाने पर प्रदेश के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने रात में ही डीएम सेल्वा कुमारी जे को पत्र लिखकर सप्ताह में एक दिन पूर्ण लॉकडाउन की बात कही थी। शनिवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे ने इसे लेकर आदेश जारी कर दिया। डीएम के अनुसार 30 जून तक प्रत्येक रविवार को जिले में सम्पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। सभी प्रकार के व्यापारिक प्रतिष्ठान, दुकानें, होटल, मॉल, रेस्टारेंट, मेडिकल स्टोर इत्यादि बंद रहेंगे। आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। उन्होंने बताया कि कोविड महामारी को रोकने में लगे अधिकारी, कर्मचारी, मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर सभी कुछ बंद रहेगा। संपूर्ण लॉकडाउन रविवार आज सुबह पांच बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक लागू रहेगा।
समाचार पत्र वितरण होगा
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी (वित्त) आलोक कुमार ने बताया कि संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान सुबह सात बजे तक समाचार पत्रों का वितरण किया जा सकेगा। समाचार पत्र वितरकों को आने जाने पर कोई रोक नहीं रहेगी। वो सुबह सात बजे अपना समाचार पत्र वितरण का कार्य कर लें।
अमर उजाला के रक्तदान शिविर में पास की जरूरत नहीं
मुजफ्फरनगर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार यानि आज विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी (वित्त) आलोक कुमार ने बताया कि शिविर में रक्तदान करने जाने वालों को रोका नहीं जाएगा। जनहित के इस कार्य में उन्हें शिविर में आने जाने दिया जाएगा। इसके लिए रक्तदान करने वालों को पास की जरूरत भी नहीं है।