जैन मुनि नयन सागर महाराज की युवती के साथ संदिग्ध वीडियो वायरल प्रकरण को लेकर आज दिल्ली में जैन समाज की महापंचायत होगी। इस महापंचायत को लेकर जैन मुनि की मुश्किलें और बढ़ गई है। महापंचायत में नगर से धर्म बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में करीब 100 जैन समाज के लोग भाग लेंगे। सकल जैन समाज के अध्यक्ष सुशील जैन ने बताया कि इस महापंचायत में जैन मुनि प्रकरण पर समाज फैसला लेगा।
सकल जैन समाज के अध्यक्ष सुशील जैन ने बताया कि यमुनापार दिगंबर जैन समाज दिल्ली के अध्यक्ष पंकज कुमार जैन ने सूचना भेजकर बताया कि जैन मुनि नयन सागर प्रकरण पर शुक्रवार को शाम छह बजे प्राचीन हनुमान मंदिर शंकर विहार निकट पीएसके शंकर विहार दिल्ली-92 में जैन समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें समस्त जैन समाज दिल्ली एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा के जैन मंदिरों के प्रधान व महामंत्री को आमंत्रित किया गया है।
अध्यक्ष ने बताया कि महापंचायत में युवती के पिता सहित नगर से समाज के करीब एक सौ लोग जैन समाज के लोग इस महापंचायत में भाग लेंगे। महापंचायत में जैन मुनि के वीडियो वायरल प्रकरण के बारे में सच्चाई बताई जाएगी। महापंचायत में जाने के लिए अध्यक्ष ने नगर के जैन समाज के लोगों से बृहस्पतिवार की देर रात उनसे जनसंपर्क भी किया तथा दिल्ली चलने का आग्रह किया। खास बात यह है कि महापंचायत में भाग लेने वाले सभी मंदिरों के प्रधान और महामंत्रियों से अपने मंदिरों के लेटर पैड अवश्य लाने को अनुरोध किया गया है।