होली पर हादसों में महिला समेत तीन की मौत
मुजफ्फरनगर। रंगोत्सव पर सोमवार को शहर के साथ ही रतनपुरी व तितावी क्षेत्र में हुए हादसों में महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार व यातायात नियमों की अवहेलना के साथ ही हेलमेट न लगाना तीनों हादसों की बड़ी वजह रहा। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर से सटे गांव कूकड़ा के मोहल्ला अमित विहार निवासी सागर सोमवार सुबह दोस्त सत्यम के घर मोहल्ला कृष्णापुरी गया था। दोपहर में दोनों दोस्त बाइक पर अंकित विहार लौट रहे थे। सरकुलर रोड पर परिक्रमा मार्ग चौराहे के निकट उनकी तेज बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में सागर को मृत घोषित करते हुए सत्यम को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। सागर के पिता वेदप्रकाश सुल्तानिया ने सिविल लाइंस थाने में हादसे की तहरीर दी है।
तितावी क्षेत्र में लालूूखेड़ी के निकट दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें एक बाइक सवार को हेलमेट न होने से सिर में गंभीर चोटें लगीं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की शनाख्त जनपद बदायूं के थाना बिलसी क्षेत्र के गांव सतेती निवासी मोनू (26) के रूप में हुई है, जो भौराकलां के पास स्थित गांव में रिश्तेदारी में आया था। मोनू के भाई राहुल ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, रतनपुरी क्षेत्र में सोमवार देर रात दयालपुरी स्थित पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से आती बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव सपनावत निवासी अवधेश व उसकी पत्नी सुनीता (50) सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें खतौली सीएचसी भेजा, जहां सुनीता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दंपती गांव रतनपुरी निवासी रिश्तेदार यशवीर सिंह के यहां होली पर्व मनाकर घर लौट रहे थे।