नेग के बंटवारे में युवक को पीट-पीटकर मार डाला
मुजफ्फरनगर, छपार। गांव तेजलहेड़ा में दुल्हेंडी पर ढोल बजाने को लेकर अनुसूचित जाति के दो पक्षों में हुआ विवाद बवाल में बदल गया। इस विवाद में एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरे पक्ष से एक युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव तेजलहेड़ा में अनुसूचित जाति के कुछ युवकों ने एकत्रित होकर गांव में ढोल बजाया था। इसमें ग्रामीणों द्वारा बतौर नेग दिए गए छह हजार रुपये आए। शाम करीब पांच बजे इन रुपयों के बंटवारे को लेकर मांगेराम व राकेश के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चलने से अफरातफरी मच गई। संघर्ष में मांगेराम के तीन बेटे रवि (26), धर्मेंद्र व अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से अंकुल नामक युवक भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान रवि की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन हमलावरों घायल अंकुल, विपिन व सचिन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका पिता राकेश फरार हो गया। घायल धर्मेंद्र की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।