खतौली। गंगनहर में एक महिला सहित तीन लोगों के शव बहते हुए दिखाई दिए। काफी तलाशने पर भी दो शव नहीं मिल सके, जबकि एक को खलासी पुल में अटकने के दौरान निकाल लिया गया। महिला सहित तीनों लोगों की हत्या कर गंगनहर में फेंकने की आशंका जताई है।
शुक्रवार दोपहर के समय मंसूरपुर के गांव सराय पुल की और से एक साथ कुछ कुछ दूरी पर एक पुरुष व महिला का शव बहकर आता दिखाई दिया। यह देखकर कुछ लोगों ने सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद भी पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची तब तक दोनों शव बहकर रतनपुरी के सठेड़ी पुल की तरफ चले गए थे। कुछ ही समय बाद एक अन्य पुरुष का शव गंगनहर में और बहकर आता लोगों ने देखा। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचती, इससे पहले ही यह शव खतौली गंगनहर खलासी पुल में जाकर अटक गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सीओ खतौली राम आशीष यादव का कहना है कि पहले एक साथ दिखाई दिए दोनों शव काफी तलाशने के बाद भी मिल नहीं पाए थे। जो शव बरामद हुआ है कि वह भी काफी पुराना दिखाई दे रहा है। वह पानी में कई दिन तक रहने के कारण फूल चुका है। अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है।