भीषण गर्मी में शहर में पूरी रात नहीं आई बिजली
मुजफ्फरनगर। जौली बिजलीघर में शुक्रवार को तकनीकी खराबी आ जाने से शहर में पूरी रात बिजली गुल होने से हाहाकार मच गया। शनिवार को दिन में कुछ बिजलीघर नरा और भोपा रोड उपकेंद्र से जोड़े गए। रातभर बिजली नहीं होने के कारण लोगों के इंवर्टर ठप हो गए। लोगों ने अपनी छतों पर पूरी रात गुजारी। वहीं, उमस भरी गर्मी से दिन में लोग बिलबिला गए।
तीन दिन बारिश के बाद उमस भरी गर्मी के कारण शहर में अचानक बिजली की खपत बढ़ जाने से विद्युत निगम का पूरा सिस्टम चरमरा गया। शुक्रवार की शाम अचानक जौली बिजलीघर में तकनीकी खराबी हो जाने से पूरे शहर की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। पूरी रात लोग अंधेरे में भीषण गर्मी से जूझते रहे। विद्युत निगम के अधिकारियों ने रात में ही शहर के बिजलीघरों को नरा और भोपा रोड उप केंद्रों से जोड़ने की प्रक्रिया चलाई। हालांकि रात में विद्युत निगम के कर्मचारी बिजली आपूर्ति सुचारु करने में नाकाम रहे। सुबह कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति चालू हुई। इसी बीच शनिवार की सुबह सात बजे महावीर चौक बिजलीघर की वीसीबी खराब हो गई और आपूर्ति बाधित हो गई। शहर का एक बड़ा हिस्सा दक्षिणी सिविल लाइन, संतोष विहार, सूरज विहार, शिक्षक कॉलोनी, जाट कॉलोनी, नुमाइश कैंप, खालापार, किदवईनगर, केशवपुरी, कलक्ट्रेट, साकेत, बसंत विहार, उत्तरी सिविल लाइन, रोडवेज, रेलवेे रोड, प्रकाश चौक आदि मोहल्ले महावीर चौक बिजलीघर से जुड़ा होने के कारण यहां पूरे दिन बिजली नहीं आई।
रात में ही अफसरों की आपात बैठक हुई
मुजफ्फरनगर। जौली रोड बिजलीघर के डैमेज हो जाने पर शहर की विद्युत आपूर्ति को लेकर रात में ही अधीक्षण अभियंता नगर वीके मिश्र की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शहर की आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए जौली उपकेंद्र से जुड़े शहर के बिजलीघरों को नरा और भोपा रोड के उपकेंद्रों से जोड़कर आपूर्ति बहाल की जाए। पूरी रात इसे लेकर अभियान चला। दिन में कुछ बिजलीघरों पर लाइन जोड़ने को लेकर शटडाउन भी लिया गया। बैठक में अधीक्षण अभियंता ग्रामीण एसपी राम, अधिशासी अभियंता पंकज कुमार, ओपी मिश्रा, विकास उपाध्याय, एसडीओ शुभम पांडेय मौजूद रहे।
वर्जन
विद्युत निगम के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात सप्लाई को सुचारु करने में लगे हैं। शहर के काफी हिस्सों में आपूर्ति सुचारु हो गई है। हमारा प्रयास पूरे शहर में निर्बाध आपूर्ति देना है। जौली बिजलीघर के डैमेज होने और महावीर चौक बिजलीघर का वीसीबी खराब हो जाने से अधिक दिक्कत आई है।
पंकज कुमार, अधिशासी अभियंता नगर।
बिजली पानी नहीं मिलने से नागरिक हाल बेहाल
सिद्धार्थ कॉलोनी के अजय अग्रवाल का कहना है कि पूरी कॉलोनी की सप्लाई महावीर चौक से है। बिजली नहीं आने से लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही। खालापार के जियाउर्रहमान का कहना है कि घर में रखे इंटवर्टर बिजली नहीं होने के कारण चार्ज नहीं हो सके। बिजली पानी की किल्लत से त्राहि-त्राहि मच गई। प्रकाश चौक निवासी रेलवे कर्मचारी सोनू का कहना है कि बिजली नहीं आने से पूरी रात सो नहीं सके और सुबह पानी नहीं आने से स्नान भी नहीं हो पाया। खाना भी होटल से मंगवाना पड़ा।