संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। गांव बसी कलां में राजस्व की वसूली के लिए गई टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया, जिसकी रिपोर्ट थाना शाहपुर में दर्ज करवाई गई है। वहीं अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से राजस्व संग्रह अमीनों में रोष है। उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ के नेताओं ने एसडीएम व सीओ की गैर मौजूदगी में उनके कार्यालय कर्मचारियों को ज्ञापन दिया। संग्रह अमीन संघ के नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि 10 अक्टूबर तक अभियुक्तों की गिरफ्तारी न हुई तो वे कार्य बहिष्कार कर धरना देंगे।
उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ जनपद मुजफ्फरनगर के सभी पदाधिकारी व संग्रह अमीन बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में एकत्र हुए। इस मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने कहा कि संग्रह अमीन राजस्व विभाग की टीम के साथ राजस्व वसूली के लिए 27 सितंबर को शाहपुर क्षेत्र के गांव बसी कलां में गई थी। ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। घटना की रिपोर्ट शाहपुर थाने में दर्ज है।
मुख्य अभियुक्त साबु पुत्र इशत्याक व 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। मीटिंग में सबकी सहमति से निर्णय लिया गया कि 10 अक्टूबर तक गिरफ्तारी न हुई तो जिला संघ कार्य बहिष्कार कर धरना देगी।
इस संबंध में एसडीएम व सीओ की गैर मौजूदगी में उनके कार्यालय में ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर सुरेश पाल, नरेश त्यागी, नीरज शर्मा, विपिन कुमार, कुलदीप सैनी, जोरा सिंह, कृष्णपाल व सुनील चौधरी मौजूद रहे।