पुलिस के हत्थे चढ़े तीन चोर
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। गांव वाजिदपुर निवासी किसान का बुधवार की रात में चोर भैंसा चोरी कर ले गए। किसान अपने भैंसें के पैरों के निशान देखते हुए गांव कवाल के एक घर के पास पहुंचा। मकान पर पहुंचकर भैंसें के पैरों के निशान नहीं मिले। किसान ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भैंसें को बरामद कर तीन चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गाव वाजिदपुर निवासी किसान हरबीर ने अपना भैंसा घर में बांध रखा था। बुधवार की रात को चोर घेर में से भैंसा चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह किसान को घेर में भैंसा बंधा नहीं मिला, जिससे किसान के होश उड़ गए। किसान भैंसें के पैरों के निशान देखते हुए गांव कवाल में एक घर के पास पहुंचा। इस मकान पर भैंसें के पैरों के निशान खत्म हो गए थे। किसान को पक्का यकीन हो गया कि मकान के अंदर ही उसका चोरी किया गया भैंसा मौजूद है। किसान ने सूचना देने पर पुलिस गांव कवाल में बुला लिया। पुलिस ने गांव कवाल निवासी शाहिद पुत्र असगर के घर के अंदर से चोरी किया गया किसान का भैंसा बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा शाहिद से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके दो साथी भैंसा चोरी करने में में उसके साथ थे। पुलिस ने गांव कवाल निवासी शाहिद, शकील पुत्र सगीर तथा राशिद पुत्र सगीर निवासी मुजफ्फरनगर के गांव सूजडू को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ किसान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।