बुढ़ाना। थाना फुगाना के एक गांव में युवक ने गले में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव मकान के पीछे दीवार से लटका हुआ मिला। आनन-फानन में परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
थाना फुगाना के एक गांव का रहने वाला एक युवक बृहस्पतिवार को अपने कमरे में सो रहा था। देर रात के समय वह अपने कमरे से उठकर मकान के पीछे गन्ने के खेत में चला गया। घरेलू तनाव के कारण युवक अपने गले में फांसी का फंदा लगाकर अपने मकान की पिछली दीवार में निकली ईंट से लटक गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। देर रात परिजनों ने युवक के कमरे का दरवाजा खुला देखा, लेकिन वह नहीं मिला। उसके मोबाइल पर कॉल किया तो घंटी बजती रही। परिजनों ने मकान की छत पर चढ़कर देखा तो उसका शव दीवार से लटका हुआ था। ग्रामीणों व परिजनों ने उसे उतार लिया। गमगीन माहौल में परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।