खतौली। लखनऊ से आए गन्ना विभाग के अधीक्षण अभियंता निर्माण धर्मेंद्र सिंह ने गन्ना समिति पहुंच कर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने गन्ना समिति परिसर में भूमि विकास बैंक शाखा के गेट पर बनाए गए कमरे को भी देखा। सचिव को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सहकारी गन्ना विकास समिति में कई स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें खाद के दो नए गोदाम, सीसी मार्ग, इंटरलॉकिंग तथा भूमि विकास बैंक के गेट पर कमरा बनाया गया है। बुधवार को गन्ना विभाग के अधीक्षण अभियंता निर्माण ने समिति परिसर में कराए जा रहे निर्माण कार्याें का निरीक्षण किया। विगत दिनों कुछ लोगों ने भूमि विकास बैंक के गेट पर बनाए गए कमरे को लेकर लखनऊ में गन्ना आयुक्त को शिकायत की थी।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ताओं को भी बुलाया गया। शिकायतकर्ताओं ने उनके समक्ष कई आरोप लगाते हुए कहा कि बिना प्रस्ताव किए ही कमरे का निर्माण कराया गया है। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि जब तक किराया वृद्धि नहीं होगा, तब तक कमरा बैंक को अलाट नहीं किया जाएगा।
गन्ना समिति सचिव एसपी सिंह ने बताया कि कमरा निर्माण का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास हुआ था। वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति से कमरे का निर्माण कराया गया है। किराया निर्धारण करने के बाद ही कमरे को बैंक के हैंडओवर किया जाएगा। कमरे के संबंध में की गई शिकायत निराधार है।