सफाईकर्मियों ने वाहन रोके, नहीं उठा डलावघरों से कूड़ा
मुजफ्फरनगर। अपनी मांगों को लेकर नौ दिनों से अनिश्वितकालीन धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को नगर पालिका के सभी कूड़ा वाहनों को रोक दिया, जिस कारण शहर के 44 डलावघरों से कूड़ा नहीं उठा। इसके साथ ही सफाई कर्मचारी संघ ने बेमियादी धरने को समाप्त करते हुए अब आंदोलन को और गति प्रदान की है। संघ नेताओं ने मांग पूरी होने तक डलावघरों से कूड़ा निस्तारण नहीं करने की चेतावनी दी है। इस पर भी यदि काम न बना तो फिर कामबंद हड़ताल करते हुए वार्डों से भी कूड़ा उठाना बंद कर दिया जाएगा।
शनिवार को सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चमनलाल ढिंगान ने बताया कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सफाई कर्मचारी नौ दिन से आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान पालिका प्रशासन का रवैया काफी रूखा और नकारात्मक रहा, जिस कारण सफाई कर्मचारियों द्वारा शनिवार को सभी कूड़ा वाहनों को रोका गया और शहर के डलावघरों से कूड़ा निस्तारण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को सभासदों ने आंदोलन को समर्थन दिया था, अब कृष्णगोपाल मित्तल ने व्यापारियों की ओर से समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मांग पूरी नहीं की जाती तो सफाई कर्मचारी संघ को मजबूर होकर काम बंद हड़ताल के लिए भी बाध्य होना पड़ेगा।
उन्होंने इसके लिए पालिका में संघ कार्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए चर्चा की और कूड़ा वाहनों को रोककर प्रदर्शन भी किया। उन्होंने बताया कि आज से ही बेमियादी धरना समाप्त कर दिया गया है। इस दौरान संघ के महामंत्री अरविंद उर्फ सोनू मचल, देवी प्रसाद सफाई नायक, अर्जुन सिंह सफाई नायक, भूषण लाल सफाई नायक, जितेंद्र सफाई नायक, बिल्लू , नीरज कुमार, राकेश ढिंगान, सोमपाल सफाई नायक, सुरेंद्र कुमार, दीपक पारचा, मिलन सिंह बिड़ला, धर्मेंद्र मचल, विशाल, दीपक आबकारी, संजय भारती, प्रवीण मचल, आशीष सफाई नायक, दीपक भारती, राजेंद्र, रमाकांत आदि मौजूद रहे।