तालाब बन गया काकड़ा का मुख्य रास्ता
मुजफ्फरनगर। काकड़ा गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
काकड़ा में जौहड़ की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। इस वजह से जौहड़ में जाने वाला पानी मुख्य मार्ग पर भर गया है। इस वजह से ग्रामीणों का यहां से गुजरना मुश्किल है। आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर पानी में गिर रहे हैं। ग्रामीण सोनू, शौकीन, ओमपाल, सुनील कुमार, कालू, कंवरपाल, ब्रहम सिंह, सरविंद, श्याम, अशोक कुमार और ओमपाल का कहना है कि कई सालों से यह समस्या बनी हुई है। बार-बार प्रशासन और विकास खंड के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ है। हादसे में कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
घरों में कैद हैं कई परिवार
कई परिवार ऐसे हैं, जिनके घरों के सामने पानी भरा हुआ है। उन्हें घर से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैक्टर या बुग्गी पर सवार होकर घर से बाहर जाते हैं।
बीमारियां फैलने का बना खतरा
जिले में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी में मच्छर पैदा होने की आशंका है। जिस कारण आधे से अधिक गांव में बीमारी भी फैल सकती है।
स्कूल जाने में भी मुश्किलें
बच्चों को मार्ग से स्कूल जाने मेें भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ हादसा होने का खतरा हर समय रहता है।