मुजफ्फरनगर। नगरपालिका प्रांगण में पिछले आठ दिन से अपनी 10 मांगो के लिए धरना-प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों का धरना पालिका प्रांगण में जारी रहा। पालिका के कुछ सभासदों ले धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चमनलाल ढिंगान ने बताया कि 20 अगस्त से सफाई कर्मचारी पालिका प्रशासन के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन कोई भी उनकी सुध नहीं लेने पहुंचा। सभासद प्रवीण कुमार उर्फ पीटर, प्रेमी छाबड़ा, विपुल भटनागर, विकल्प जैन और अमित कुमार धरने पर सफाई कर्मियों के बीच पहुंचे और समस्याओं को सुना। सभासदों ने बताया कि हम लोगों द्वारा शहर की बढ़ती हुई जनसंख्या को देखते हुए बोर्ड मीटिंग में 200 सफाई कर्मचारी बढ़ाने के लिए प्रस्ताव रखा गया था, जो कि बोर्ड मीटिंग में पास भी करा दिया गया था।
सभासदों ने पालिका प्रशासन व बोर्ड की चेयरपर्सन से भी शहर वासियों व सफाई कर्मचारी के हित में सफाई कर्मचारियों को रखने का आग्रह करते हुए पिछले आठ दिन से चल रहे धरने को समाप्त कराने की अपील करते हैं। चमन लाल ढिंगान ने बताया कि अगर पालिका प्रशासन सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं करता तो आगामी रणनीति बनाकर संघ कोई भी कदम उठा सकता है। महामंत्री अरविंद कुमार उर्फ सोनू मचल, कार्यकारिणी के समस्त सदस्यों के साथ कई कर्मचारी भी मौजूद रहे।