शहर के बैंकों और एटीएम पर लोगों की भीड़ टूटने का नाम नहीं ले रही है। केवल उन्हीं बैंकों में भीड़ घटी है, जहां 24 हजार तक मिल रहे हैं। पीएनबी की शाखाओं की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है, नो कैश की समस्या लगातार बनी हुई है।
शहर के बैंकों में भीड़ का आलम लगातार बना हुआ है। केवल उन्हीं बैंकों में राहत मिली है, जिनमें 24 हजार तक दिए जा रहे हैं। एसबीआई की शाखाओं में भीड़ कंट्रोल होना शुरू हो गई है, लेकिन पीएनबी की शाखाओं में अभी भी मारामारी की स्थिति बनी हुई है। गन्ना किसानों का भुगतान बैंकों में आ जाने के बाद से पीएनबी में ग्राहकों की भीड़ ओर बढ़ गई है।
अन्य बैंकों के मुकाबले पीएनबी में किसानों के सबसे ज्यादा खाते हैं। एचडीएफसी, सेंट्रल बैंक, एक्सिस बैंक, देना बैंक, ओरियंटल में भी उन्हीं शाखाओं में राहत है, जो पूरा भुगतान कर रही है। बैंकों में बुधवार को जहां पैसे निकालने वालों की भीड़ रही, वहीं अब जमा करने वाले भी लाईन में हैं।
शहर के एटीएम पर भी लोगों की लाईन लगी है। एटीएम पर लाभ यह है कि खाता किसी बैंक में हो पैसा मिल ही जाता है। एसबीआई ने अपने अधिकतम एटीएम चला रखे हैं। अन्य बैंक के एटीएम भी काम करने लगे हैं, लेकिन 24 घंटे केवल एसबीआई के एटीएम ही चल पा रहे हैं।