मुजफ्फरनगर। खुब्बापुर थप्पड़ प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट ने 12 दिसंबर 2024 को प्रदेश सरकार को पीड़ित छात्र की फीस, परिवहन और यूनिफार्म खर्च को वहन करने आदेश दिए थे। नए और पुराने सत्र की फीस जमा न होने पर पिता ने शुक्रवार को डीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कर फीस का भुगतान जल्द से जल्द कराने की मांग की।
छात्र के पिता इरशाद ने बताया कि नए सत्र की एक भी माह की फीस जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने जमा नहीं कराई है। इसके लिए वह कई बार चक्कर काट चुके हैं। दाखिले के दौरान यूनिफार्म दिलाई गई थी जो अब छोटी हो गई है। परिवहन का खर्च भी कई महीनों से नहीं दिया गया है। बीएसए कार्यालय जाने पर अधिकारी फीस जमा कराने का आश्वासन देकर भेज देते हैं। इस तरह चक्कर काटते हुए छह माह बीत गए हैं। बीएसए संदीप कुमार ने कहा कि विद्यालय की फीस रसीद समय से जमा न कराए जाने के कारण विलंब हो रहा है। विद्यालय प्रशासन और एनजीओ से बात करने के बाद समस्या का समाधान किया जाएगा।