शुकतीर्थ पर बसने लगा तंबुओं का नगर
मुजफ्फरनगर, भोपा। तीर्थनगरी शुकतीर्थ में आगामी 16 नवंबर से शुरू हो रहे कार्तिक गंगास्नान मेले में श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। गंगास्नान के लिए तीर्थनगरी में श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए हैं, जिसके चलते कोरोना संक्रमण के चलते करीब दो साल बाद शुकतीर्थ में गंगा किनारे डेरे लगने शुरू हो गए हैं।
महाभारत कालीन तीर्थनगरी शुकतीर्थ में प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगास्नान मेले का आयोजन जिला पंचायत द्वारा किया जाता है। कोरोना के चलते गत वर्ष गंगास्नान मेले का आयोजन नहीं किया गया था। ऐसे में दो साल बाद आगामी 16 नवंबर से लगने वाले कार्तिक गंगास्नान मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आगामी 19 नवंबर को मुख्य स्नान है, जिसके लिए अभी से श्रद्धालुओं का तीर्थनगरी में पहुंचना शुरू हो गया है। गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने डेरे लगाने भी शुरू कर दिए हैं। वहीं, मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैँ। सुरक्षा चौकियों की स्थापना के साथ ही यातायात व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।