मुजफ्फरनगर। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सांसद खेल स्पर्धा के कार्यक्रम में अपने स्वागत से अभिभूत नजर आए। जिस उत्साह से युवाओं ने उनका स्वागत किया और मार्ग में फूलों की वर्षा की, इस पर उन्होंने कहा कि इन स्मृतियों को वह अपने जीवन में भुला नहीं पाएंगे।
अनुराग ठाकुर ने कहा की यहां केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने जिस तरह का सम्मान उन्हें दिया और युवाओं ने जो प्यार उन्हें दिया उसे वह साथ लेकर जा रहे हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि पूरे देश में सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन इससे अच्छा कहीं नहीं हुआ है। दर असल भाजपा युवा मोर्चा की टीम ने सैकड़ों बाइकों के साथ बाईपास पर शहर के प्रवेश द्वार पर अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत किया। यहां बाइकों के जुलूस के साथ वह सरकुलर रोड तक पहुंचे। सरकुलर रोड से श्रीराम कॉलेज तक अनुराग ठाकुर ट्राली में रखे मुढों पर बैठकर पहुंचे। उनके आगे-आगे बुलंदशहर से आई हुरियारों की टीम ढोल बजाते हुए चल रही थी। स्काउट बैंड और एनसीसी बैंड ने कार्यक्रम में अलग ही छाप छोड़ी। मार्ग के दोनो तरफ सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अतिथियों पर फूलों की वर्षा की। खेलों के आयोजन में हजारों युवाओं की मौजूदगी ने उनके उत्साह भरने का काम किया। इन सबने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
खुद लिया खिलाडियों का परिचय
अनुराग ठाकुर ने सबसे पहले फाइनल में खेलने वाली वालीवाल टीम के खिलाड़ियों का परिचय लिया। यहां के बाद उन्होंने दौड़ को हरी झंडी दिखाई। बालक और बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल खिलाडियों से परिचय लिया और उनका खेल देखा। कुश्ती के खिलाड़ियों का परिचय ही नहीं लिया उनके साथ अलग-अलग से फोटो भी खिंचवाया। वह खिलाड़ियों के साथ पूरी तरह रले-मिले नजर आए।
ट्रैक दिया बजाओ सीटी
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने भाषण के बीच में कहा कि आप लोगों को सिंथेटिक ट्रैक दिया, अब तो बजाओं ताली मारो सीटी। लोगों ने जमकर तालियां भी बजाई और सीटी भी मारी।
जय श्रीराम के नारे लगाए
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि श्रीराम कॉलेज के चेयरमैन एससी कुलश्रेष्ठ ने श्रेष्ठ काम किया है, इसलिए इनके नाम पर जय श्रीराम का नारा लगाओ। उन्होंने भारत माता के जयकारों के साथ वंदे मातरम के नारे भी लगाए। अपने साथ मौके पर मौजूद लोगों को भी जोड़ा।