मां के अनैतिक संबंधों के कारण लगाई थी किशोरी ने फांसी
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन दिन पूर्व किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। किशोरी ने मां को उसके प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद से मां उसे प्रताड़ित कर रही थी। इससे तंग आकर ही किशोरी ने फांसी लगा ली थी। पिता की ओर से दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में गत 13 जनवरी की शाम 15 वर्षीय किशोरी ने पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में किशोरी के पिता ने अपनी पत्नी व गांव निवासी युवक के खिलाफ बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि किशोरी की मां के गांव के ही युवक के साथ काफी समय से अनैतिक संबंध थे। 13 जनवरी को महिला प्रेमी संग आपत्तिजनक स्थिति में थी, जिसे उसकी बेटी ने देख लिया था। इसके बाद से ही महिला अपनी बेटी के साथ मारपीट करते हुए उसे प्रताड़ित कर रही थी। इससे तंग आकर ही किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि किशोरी के पिता की ओर से आरोपी मां व उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, प्रेमी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट भी लगाया गया है। दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।