मंसूरपुर। पुरबालियान में गांव जीवना निवासी शिक्षक सुधीर कुुमार की हत्या दूसरे वर्ग की महिला से अनैतिक संबंधों के चलते की गई थी। पुलिस ने दंपती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव जीवना निवासी शिक्षक सुधीर कुमार की चार अक्तूबर की रात पुरबालियान से घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह इंस्पेक्टर केपी सिंह ने टीम के साथ मिलकर दंपती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि सुधीर के अपने गांव की ही दूसरे वर्ग के हुसैना की पुत्रवधू के साथ काफी समय से अनैतिक संबंध थे। इसके चलते गांव में महिला पक्ष की बदनामी हो रही थी, जिसके चलते हुसैना ने अपनी पत्नी जैबुन के साथ ही गांव सांझक निवासी दामाद सालिम से सुधीर को रास्ते से हटाने की बात की। इसके बाद सालिम ने सांझक के ही अपने दो दोस्तों रिजवान व सलीम को भी साजिश में शामिल कर शिक्षक की हत्या की योजना तैयार की। इसके बाद चार अक्तूबर की रात पुरबालियान से घर लौटते समय सुधीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि शिक्षक की हत्या में इस्तेमाल किए गए दो तमंचे भी रिजवान व सलीम से बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ के बाद पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।