खतौली (मुजफ्फरनगर)। गाजियाबाद के मोहननगर से किराए पर कर लाई गई टैक्सी को बदमाशों ने चालक और एक अन्य सवारी को बंधक बनाकर लूट लिया। पीड़ित थाने पहुंचे, लेकिन खतौली और दौराला पुलिस दिनभर वारदात को एक-दूसरे के क्षेत्र का बताती रही।
गाजियाबाद निवासी टैक्सी चालक आबिद ने 11 मार्च की रात मेाहन नगर से मुजफ्फरनगर के लिए एक सवारी को लेकर चला था। इसी दौरान तीन युवक पहुंचे और मुजफ्फरनगर चलने की बात कहने लगे। आबिद ने उन्हें भी बैठा लिया। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर खतौली बाईपास पर टैक्सी में पीछे बैठी सवारियों ने टैक्सी के चालक आबिद और एक यात्री को बंधक बना लिया। बदमाश रात के समय में उन्हें ककराला के जंगल में बंधक बनाकर खेत में फेंककर चले गए।
उधर मुजफ्फरनगर निवासी यात्री के परिजन सुबह के समय राणा चौक पर पहुंचे और अपने बेटे की जानकारी करने पहुंची। इसी दौरान टैक्सी चालक और युवक किसी प्रकार बंधन मुक्त होकर दोनों दौराला थाने पहुंचे। पुलिस ने मामला खतौली का बताते हुए वापस भेज दिया। जबकि खतौली पुलिस ने घटना स्थल देखकर मामला दौराला थाने का बताया। फिलहाल पीड़ित दोनों थाने के चक्कर काट रहा है। पीड़ित के अनुसार बदमाश उसकी कार के साथ दोनों की जेब में जो नगदी थी, उसे लूट कर भाग गए। खतौली इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि बदमाश टैक्सी चालक को दौराला के जंगल में फेंक गए, इसलिए घटना स्थल दौराला का है। दौराला इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा का कहना है कि टैक्सी खतौली बाईपास पर लूटी गई, इसलिए घटना स्थल खतौली का है।