मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस महोत्सव पर शहर के नुमाइश मैदान में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल पर योजनाओं और विकास की झांकियां प्रदर्शित की गई। सकारात्मक सहयोग करने वाले प्रधानों, कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
नुमाइश मैदान में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने आठ परियोजनाओं के दो करोड़ 31 लाख की लागत से होने वाले 11 कार्यों का लोकार्पण किया कृषि, स्वास्थ्य , गन्ना विभाग, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान , पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग , माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा के अलावा पुलिस विभाग का स्टॉल भी लगाया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बैग, शॉल, चूड़ियां समेत अन्य उत्पादों का प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बालिका दिवस पर बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का प्रसारण भी सुनाया गया। एमएलसी वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी , डीएम उमेश मिश्रा, सीडीओ संदीप भागिया मौजूद रहे। मंत्री ने समूह की महिलाओं को चेक वितरित किए। साथ ही लाठी का प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत भी किया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ अवनीश सम्मानित
खतौली। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ अवनीश कुमार को सम्मानित किया गया। परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, टीबी उन्मूलन तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मान दिया गया है।
खरड़ गांव की ग्राम प्रधान पूनम मलिक सम्मानित
फोटो
बुढ़ाना । उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय योजनाओं को लागू करने और विकास कार्यों के प्रति समर्पण तथा सेवा भाव रखते हुए उनके सकुशल एवं गुणवत्ता पूर्ण संचालन के लिए गांव की ग्राम प्रधान पूनम मलिक को जिला मुख्यालय पर सम्मानित किया गया। नुमाइश मैदान के कार्यक्रम में उन्हें राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व एमएलसी वंदना वर्मा ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया ।